‘‘आप’’ ने ऋषिकेश विधानसभा में उतारा प्रचार वाहन, कार्यकर्ताओं में जोश

आम आदमी पार्टी ने ऋषिकेश विधानसभा में प्रचार वाहन उतारकर सुनसान पड़े राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। त्रिवेंणी घाट से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ वाहन को रवाना किया गया। इस दौरान कार्यकर्ता जोश से लबरेज हुए।

मिशन 2022 को लेकर आम आदमी पार्टी ऋषिकेश विधानसभा में वीडियो वेन का श्रीगणेश मंगलवार को सुबह त्रिवेणी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच किया गया। पार्टी के संगठन मंत्री दिनेश असवाल एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता विजय पंवार ने संयुक्त रूप से प्रचार वैन का शुभारंभ किया। अभियान के बारे में जानकारी देते हुए पार्टी के डॉ राजे सिंह नेगी ने बताया कि वीडियो वेन के माध्यम से ऋषिकेश विधानसभा के सभी बूथों तक पार्टी की नीतियों के साथ ही प्रदेश की मुख्य समस्याओं एवं उनके समाधान से लोगो को जागरूक किया जाएगा।

इसके अलावा 45 दिनों तक चलने वाले सदस्यता अभियान में नुक्कड़ मीटिंग आयोजित कर आमजन को पार्टी से जोड़ा जाएगा। मौके पर यशवंत सिंह भंडारी, दिनेश कुलियाल, संजय सिलस्वाल, जगदीश कोहली, उमंग देवरानी, चंद्रमोहन भट्ट, प्रवीण असवाल, शुभम रावत, मयंक भट्ट आदि उपस्थित थे।