Tag Archives: Trivenigat raise the water level

टापू में फंसे लोगों को पुलिस ने रेस्क्यू कर निकाला

ऋषिकेश।
अचानक गंगा नदी का जलस्तर बढ़ जाने से मुख्यधारा में स्नान करने गए आधा दर्जन लोग त्रिवेणीघाट टापू पर फंस गए। लोगों ने इसकी सूचना त्रिवेणीघाट पुलिस चौकी को दी। पुलिस के गोताखोर जवानों ने रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला।
दो बजे अचानक गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा। एक घंटे के भीतर दौ सौ मीटर दूर बह रही गंगा त्रिवेणीघाट को छूकर बहने लगी। इससे मुख्यधारा में स्नान करने गए श्रद्धालु सकते में आ गए। लोगों ने इसकी सूचना त्रिवेणीघाट चौकी पुलिस को दी। त्रिवेणीघाट चौकी इंचार्ज राजबीर सिंह राणा पुलिस जवान और गोताखोर लेकर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू करवाया। गोताखोरों ने कुछ ही देर में टॉपू पर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकला। एक घंटे बाद जलस्तर घटने पर स्थिति सामान्य हो पाई। केंद्रीय जलआयोग के अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर दो बजे से जलस्तर अचानक बढ़ने लगा। 336 आरएल मीटर पर बह रहे गंगा का जलस्तर एक मीटर बढ़कर 337 तक पहुंच गया। इसकी सूचना प्रशासन को दी गई। हालांकि इतना जलस्तर घटना-बढ़ना सामान्य बात है। टीएचडीसी के महाप्रबंधक तकनीकी एचएल अरोड़ा ने बताया कि सर्दियों में बिजली की मांग बढ़ने पर सुबह के समय उत्पादन अधिक हो रहा है। सुबह छह से नौ बजे के बीच करीब सात हजार क्यूसेक पानी झील से छोड़ा जा रहा है जबकि सवा पांच हजार क्यूसेक पानी चौबीसों घंटे छोड़ा जा रहा है। यह सामान्य प्रक्रिया है। संभवत: बारिश की बजह से गंगा का जलस्तर कुछ बढ़ा होगा। रेस्क्यू अभियान में हरीश कुमार, महेन्द्र कुमार सहित अन्य शामिल थे।