Tag Archives: Shiv Mohan breathed their last

ऋषिकेश से बुरी खबरः कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष शिव मोहन की मौत, कांग्रेस सहित नगर में शोक की लहर

ऋषिकेश में कांग्रेस पार्टी से बुरी खबर है। कांग्रेस के नगर कार्यकारी अध्यक्ष शिव मोहन मिश्रा का एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पार्टी के सार्वजनिक कार्यक्रम एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिए गए है।

ऋषिकेश की देहरादून रोड निवासी शिव मोहन मिश्रा (48 वर्ष) को कुछ दिन एम्स में भर्ती किया गया। उनकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई, बाद में उनकी हालत बिगड़ती गई। इस पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। बाद में उनकी कोविड रिपोर्ट नेगेटिव आई थी। शनिवार की सुबह उनका निधन हो गया।
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि निधन की सूचना मिलने पर प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दिवंगत शिव मोहन मिश्रा व उनका पूरा परिवार कई पीढ़ियों से कांग्रेस के लिए समर्पित था। दिवंगत शिव मोहन मिश्रा के स्वर्गीय पिता कमल नारायण मिश्रा पार्टी के वरिष्ठ नेता रहे। प्रीतम सिंह ने राज्य में कोरोना संक्रमण के लगातार तेजी से फैलने व इसके कारण हो रही मौतों पर दुख व चिंता व्यक्त करते हुए आगामी एक सप्ताह तक पार्टी के सभी सार्वजनिक कार्यक्रम धरने प्रदर्शन स्थगित करने की घोषणा की।

धस्माना ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने शिव मोहन मिश्रा की मृत्यु व राज्य में कोरोना संक्रमण के हालातों पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव से भी बातचीत की। उनको स्थितियों से अवगत करवाया। प्रदेश प्रभारी का आगामी 22 व 23 सितंबर का उत्तराखंड आगमन का कार्यक्रम भी स्थगित हो गया है। धस्माना ने बताया कि अब आगामी 23 सितंबर को विधानसभा के समक्ष होने वाला धरना भी स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह बाद पार्टी के आगामी कार्यक्रमों के बारे में शीघ्र सूचित किया जाएगा।