Tag Archives: National Party

उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता नियुक्त

उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है। उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है। नए बदलाव में 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 9 महासचिव और 13 राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। इनके अलावा युवा मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के लिए भी अध्यक्ष नियुक्त हुए हैं। इन सबके अलावा पार्टी ने 23 प्रवक्ताओं के नाम भी जारी किए हैं। नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कई नए चेहरे को जगह दी गई है तो वहीं कई दिग्गज बाहर हो गए हैं। दिग्गज नेता राम माधव और अनिल जैन को नई टीम में जगह नहीं मिली है। मुरलीधर राव का नाम भी नई लिस्ट से बाहर है। वहीं सीटी रवि और तरुण चुग नए महासचिव बनाए गए हैं।

नई टीम को बधाईः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की नई टीम को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट के जरिए लिखा कि नई टीम को बधाई और शुभकामनाएं। मुझे विश्वास है कि वे निरूस्वार्थ भाव और समर्पण के साथ भारत के लोगों की सेवा की हमारी पार्टी की गौरवशाली परंपरा को बनाए रखेंगे। गरीबों और हाशिए के लोगों को सशक्त बनाने के लिए वे कड़ी मेहनत कर सकते हैं।

भाजपा ने पहली बार 12 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए हैं। नई टीम में हर राज्य को बराबर की भागीदारी दी गई है। महिलाओं और युवाओं को तरजीह दी गई है। नई टीम में राष्ट्रीय प्रवक्ताओं की संख्या बढाकर 23 कर दी गई है। उत्तराखंड से सांसद अनिल बलूनी को मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है।

पार्टी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, राष्ट्रीय महामंत्री, राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री समेत कई बड़े पदों में बदलाव किए हैं। भाजपा द्वारा किए गए संगठनात्मक बदलावों के तहत राम माधव, मुरलीधर राव, अनिल जैन और सरोज पांडे को महासचिव पद से हटा दिया गया है। इनकी जगह दुष्यंत कुमार गौतम, डी पुरेंदश्वरी, सीटी रवि और तरुण चुग को पार्टी ने नए महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है।

कर्नाटक से सांसद तेजस्वी सूर्या को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। तेजस्वी ने पूनम महाजन का स्थान लिया है। वहीं तेलंगाना से पूर्व भाजपा अध्यक्ष डॉ. के लक्ष्मण को ओबीसी मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। उत्तर प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल को कोषाध्यक्ष और मध्यप्रदेश के मंदसौर से सांसद सुधीर गुप्ता को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। पंजाब के अमृतसर से तरुण चुग को प्रमोशन मिला है। तरुण पहले राष्ट्रीय सचिव थे, उन्हें अब राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। तरुण फिलहाल अंडमान निकोबार के प्रभारी हैं।