प्रीतम बोले देश को अंग्रेजों की गुलामी से आज़ाद करवाने और देश की उन्नति में कांग्रेस का महत्वपूर्ण योगदान

75वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने शासकीय आवास पर ध्वजारोहण किया। इस मौक़े पर नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने देश और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता की शुभकामनाएं दी। महात्मा गांधी की अगुवाई में कई स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर हमें आज़ादी दिलाई है। आज देश के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वे इस स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अपना योगदान दें। प्रीतम ने कहा स्वतंत्रता प्राप्त करने के इतने सालों बाद भारत ने निरंतर स्वयं को बदलते देखा है। 75 साल पहले के भारत की तुलना में आज के भारत ने हर क्षेत्र में तरक्की की है। भारत को अंग्रेजों की गुलामी से स्वतंत्र करवाने और देश की उन्नति में कांग्रेस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हमने आजादी के इन 75 वर्षों में समय-समय पर अपने प्रजातांत्रिक मूल्यों को परीक्षा की कसौटी पर परखा है और उन्हें निरंतर परिपक्व किया है। कई चुनौतियां अब भी बाकी हैं। आइये, उन्हें आत्मविश्वास और दृढ़संकल्प के साथ पूर्ण करने का संकल्प लें।