Daily Archives: July 10, 2018

आईडीपीएल की भूमि हुयी राज्य सरकार को हस्तांतरित

केंद्रीय रसायन और उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत को आईडीपीएल ऋषिकेश की भूमि संबंधी दस्तावेज सौंपे है। केंद्र सरकार ने यह भूमि राज्य सरकार को बिना किसी शर्त को दी है। 899.53 एकड़ भूमि से 833.25 एकड़ भूमि राज्य सरकार को मिलने के बाद इस भूमि में से 200 एकड़ भूमि एम्स संस्थान ऋषिकेश को दी जायेगी। बाकी भूमि पर कन्वेंशन सेंटर बनाया जायेगा।

मंगलवार को देहरादून के निकट डोईवाला में सिपेट का उद्घाटन करने पहुंचे केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री अनंत कुमार ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत को दस्तावेज सौंपने के बाद कहा कि आइडीपीएल का संचालन केंद्र सरकार पूर्ववत करती रहेगी।

उन्होंने राज्य को सौंपी गयी शेष भूमि में से 200 एकड़ भूमि ऋषिकेश एम्स के विस्तार के लिए प्रदान करने का आग्रह किया। जबकि शेष भूमि पर विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर खोलने की योजना को आगे बढ़ाने की सहमति दी।

मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के इस फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इस जमीन पर सरकार आगामी पांच वर्षों में विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर का निर्माण करेगी। जिससे राज्य में पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।