भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थि मंत्रोच्चारण के साथ गंगा में विसर्जित

पूर्व प्रधानमंत्री व भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का अस्थि कलश ऋषिकेश पहुंचा। जहां भाजपाईयों व नगर के अन्य प्रतिनिधियों के साथ स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद त्रिवेणी घाट पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बाद अस्थियां गंगा में विसर्जित की गयी।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय देहरादून से अस्थि कलश ऋषिकेश पहुंचा। अस्थि कलश यात्रा के यहां पहुंचने पर ढालवाला, 14 बीघा, कैलाश गेट, देहरादून मार्ग होते हुए स्थानीय लोगों, भाजपाइयों व अन्य जनप्रतिनिधियों ने पुष्पांजलि देकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल, विधायक खजान दास आदि ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ त्रिवेणी घाट में अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां गंगा में प्रवाहित की।

ऋषिकेश स्थित त्रिवेणी घाट पर अस्थि विसर्जन के अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने न केवल उत्तराखंड राज्य दिया। बल्कि राज्य को औद्योगिक पैकेज भी दिया। इसके साथ ही ऋषिकेश के लिए बहुत बड़ी सौगात एम्स के रूप में उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रदेशवासियों को दी।

कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे सर्वमान्य नेता थे। जिनकी स्वीकार्यता भारत ही नहीं बल्कि विश्व के कई देशों में रही है। उनके जाने से समाज का हर वर्ग स्वयं को अकेला महसूस कर रहा है।