Daily Archives: June 3, 2018

जन सहयोग से साढ़े तीन लाख पौधे रोपे जाएंगेः त्रिवेन्द्र

मुख्यमंत्री ने कहा जल संरक्षण एवं सवर्द्धन की दिशा में सभी को मिलजुलकर प्रयास करने होंगे। जन सहयोग के द्वारा ही हरेला पर्व पर रिस्पना और कोसी नदी के किनारे साढ़े तीन लाख पौधे लगाये जाएंगे। सीएम ने यह बात मैड संस्था द्वारा नदियों के पुनर्जीवन कार्यक्रम के दौरान कही।

मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र ने कहा कि रिस्पना एवं कोसी नदी को पुनर्जीवित कर हमें देश के समक्ष रोल मॉडल बनाना होगा। यह कार्य जन सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन नदियों के पुनर्जीवन के लिए सरकार को समाजिक संस्थाओं, विभिन्न संगठनों एवं स्थानीय जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है।

त्रिवेन्द्र रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ गंगा मिशन को सफल बनाने के लिए हमें पूरा सहयोग करना होगा। नमामि गंगे के तहत 25 हजार करोड़ रूपये इस प्रोजेक्ट में रखे गये हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून को पूर्ण ग्रेविटि का पानी उपलब्ध कराने के लिए अगले वर्ष तक सौंग बांध की नीव रखी जायेगी।

राज्य सरकार द्वारा ईको सिस्टम, पर्यावरण सरंक्षण, जल संरक्षण, नदियों के पुनर्जीवीकरण व स्थानीय उत्पादों पर आधारित स्वरोजगार के अवसर विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।