Tag Archives: BJP leader RP Singh

विस चुनाव में 60 का जादुई आकंड़ा पार करेगी भाजपा-प्रहलाद जोशी

राज्य में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही सतारुढ़ दल भाजपा ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री व भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी अपने दो दिवसीय दौरे पर आज उत्तराखंड पहुंच गये है। उनके साथ सह प्रभारी लॉकेट चटर्जी और आरपी सिंह भी मौजूद है। चुनाव प्रभारी टीम के राज्य पहुंचने पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया। जिसके बाद रैली के माध्यम से विभिन्न स्थानों में उनका स्वागत करते हुए चुनाव प्रभारी टीम को भाजपा मुख्यालय देहरादून लाया गया।
इस दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री व भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने कहा कि उत्तराखंड में चुनाव के लिए वह तैयारियों का जायजा लेने के लिए आये है। उन्होंने कहा कि 2017 के चुनाव में भाजपा ने 57 सीटें जीती थी और अब 2022 के चुनाव में 60 से ज्यादा सीटें लाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि संगठन और युवा मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यह आकंड़ा भी भाजपा जरुर हासिल करेगी।
वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि चुनाव प्रभारी के दो दिवसीय दौरे में संगठन और सरकार आगामी चुनाव को लेकर कई तैयारियों को अंतिम रुप देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है और कार्यकर्ताओं को जो जिम्मेदारी दी जाती है उसे वे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करते है।