Tag Archives: ABVP won Doiwala College

डोईवाला में भगवा लहराया

एबीवीपी के लोकेश राणा बने अध्यक्ष, आर्यन ग्रुप के दीपक सचिव चुने गए

डोईवाला।
ऑटोनॉमस कॉलेज ऋषिकेश के बाद डोईवाला डिग्री कॉलेज में भी अध्यक्ष पद पर एबीवीपी ने कब्जा किया है। छात्रसंघ चुनाव में गुरुवार को अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के लोकेश सिंह राणा विजयी रहे। जबकि सचिव पद पर आर्यन ग्रुप के दीपक सिल्सवाल ने बाजी मारी। एबीवीपी प्रत्याशियों ने अध्यक्ष, सहसचिव, कोषाध्यक्ष और यूआर पदों पर जीत दर्ज की। वहीं एनएसयूआई को सिर्फ उपाध्यक्ष की कुर्सी से संतोष करना पड़ा।
डोईवाला स्थित शहीद दुर्गा मल्ला राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान हुआ। अध्यक्ष पद पर एबीवीपी प्रत्याशी लोकेश सिंह राणा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एनएसयूआई के विवेक सैनी को 60 वोटों से हराया। लोकेश को 412, जबकि विवेक को 352 वोट मिले। उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की ममता बर्तवाल ने एबीवीपी की दिव्या भारती को 264 वोटों से हराया। जबकि सचिव पद पर आर्यन ग्रुप के दीपक सिल्सवाल ने एनएसयूआई के हरजीत सिंह को 294 मतों से शिकस्त दी। सहसचिव बने एबीवीपी के आकाश थापा ने एनएसयूआई प्रत्याशी हिमानी राणा को नजदीकी मुकाबले में 51 वोटों से हराया। कोषाध्यक्ष पद पर एबीवीपी की नेहा तोमर विजयी रहीं। उन्होंने एनएययूआई की वैशाली को 136 वोटों से मात दी।
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (यूआर) पद पर एबीवीपी के नितेश ने एनएसयूआई के आकाश असवाल को 108 वोटों से शिकस्त दी। इसके अलावा छह कार्यकारिणी सदस्य पदों पर अंकित टम्टा (615), दीपिका सेमल्टी (451), गुरप्रीत सिंह (385), गौरव सिंह (336), कंचन नेगी (329), अजय सिंह (325) ने अधिकतम मत पाकर जीत दर्ज की।
इससे पहले दोपहर दो बजे से मतों की गिनती का काम शुरू हुआ। शाम सवा पांच बजे कॉलेज के मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. एसपी सती ने विजेता प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। प्राचार्य डॉ. हर्षवंती बिष्ट ने पदाधिकारियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि अगले दो दिन कॉलेज में अवकाश रहेगा।