Tag Archives: भाजपा उम्मीदवार

पूर्व मुख्यमंत्री ने हरिद्वार लोकसभा से किया नामांकन

रविन्द्र बेलवाल। भाजपा से पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने हरिद्वार लोकसभा सीट से बतौर भाजपा उम्मीदवार अपना नामांकन कराया। उनके साथ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, वित्त मंत्री प्रकाश पंत आदि भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
नामांकन के बाद भाजपा प्रत्याशी डॉ रमेश पोखरियाल निशंक ने प्रेम नगर आश्रम में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव विकास के मुद्दों पर लड़ा जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता भारत में रहते हैं लेकिन ना जाने किस के इशारों पर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की लेकिन विपक्ष के लोगों ने सेना के शौर्य पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ऐसी हालत हो गई है कि हरिद्वार लोकसभा से चुनाव लड़ने के लिए कोई भी तैयार नहीं हो रहा था। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हर वर्ग और समाज के लोगों को लाभ देने का कार्य किया है।
वहीं जनसभा को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी संबोधित किया।उन्होंने कहा कि इस बार का लोकसभा चुनाव राष्ट्र की मजबूती और नए भारत के लिए हो रहा है।जो काम देश में 55 सालों में नहीं हुआ और भाजपा सरकार ने महज 5 वर्षों में करके दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2022 तक देश का एक भी व्यक्ति लेकर नहीं रहेगा।
जनसभा को कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत और मदन कौशिक ने भी संबोधित किया। उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री निशंक के नेतृत्व में हरिद्वार लोकसभा का चौमुखी विकास हुआ है। निशंक एक सक्रिय राजनेता है जो समय-समय पर जनता की आवाज संसद में उठाते हैं। उन्होंने हरिद्वार लोक सभा की जनता से निशंक को भारी मतों से जिताने की अपील भी की।