Tag Archives: गंगा स्वच्छता को ऑस्ट्रिया के डांस टीचर की साहसिक पहल

गंगा स्वच्छता को ऑस्ट्रिया के डांस टीचर की साहसिक पहल

ऑस्ट्रिया के डांस टीचर राइन हार्ड कोप उर्फ रियो ने गंगा की स्वच्छता के लिए एक साहसिक पहल की है। उन्होंने श्रीनगर गढ़वाल से ऋषिकेश तक गंगा में 105 किलोमीटर का सफर तैराक बनकर पूरा किया। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि ऐसा करने वाले वह पहले व्यक्ति हैं। जिसे वह गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए भेजेंगे।

46 वर्षीय राइन हार्ड कोप उर्फ रियो ने इसी महीने की 14 तारीख को श्रीनगर गढ़वाल से अपने अभियान की शुरुआत की। 105 किलोमीटर की यात्रा उन्होंने सात पड़ावों में पूरी की। पहला पड़ाव बागवान, दूसरा देवप्रयाग, तीसरा व्यास घाट, चौथा कौड़ियाला, पांचवां पाथो कैंप व्यासी, छठा गूलर और सातवां ऋषिकेश रहा। सोमवार को आखिरी पड़ाव ऋषिकेश पहुंचने पर रियो ने मीडिया से अपने अभियान का मकसद और अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा, गंगा स्वच्छता का संदेश देने के लिए उन्होंने ऐसा किया। यह अभियान उनके लिए यादगार रहा।

दस मिनट तक भंवर में फंसे रियो
रियो को इस अभियान में कई जोखिमों से भी गुजरना पड़ा। अनुभव साझा करते हुए रियो ने बताया के शिवपुरी के निकट एक जगह पर वह गंगा में उठे एक विशाल भंवर में फंस गये थे। भंवर उन्हें काफी गहराई तक ले गया। मगर, उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था और आखिर करीब दस मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद इससे सुरक्षित निकलने में सफल रहे। अभियान में एक सेफ्टी राफ्ट और एक सेफ्टी क्याक भी थी। मगर, उन्होंने सिर्फ बड़े रेपिड पर ही इनका सहारा लिया। रेपिड पर चोटिल होने के चलते वह सुरक्षा बोट पर आ जाते और रेपिड समाप्त होते ही फिर से गंगा में तैरने के लिए कूद जाते थे।

जीवनदायिनी है गंगा
नृत्य शिक्षक रियो कहते हैं कि गंगा भारत के लिए वरदान से कम नहीं है। गंगा जीवनदायिनी है और यह बात सभी लोगों को समझनी होगी। हरिद्वार तक गंगा स्वच्छ और निर्मल है मगर, इससे आगे दूषित हो चुकी है। इसे प्रदूषण से मुक्त करना होगा। उनके अभियान का उद्देश्य भी उनका यही संदेश देना था।

अब हरिद्वार से इलाहाबाद
रियो के इस अभियान को आयोजित करने वाले व्हाइटर वर्ल्ड एक्सपीडीशन के संचालक भीम सिंह चौहान ने बताया कि रियो ने बड़ी कुशलता के साथ इस चुनौती को पूरा किया। आने वाले समय में रियो ने हरिद्वार से इलाहबाद तक गंगा में तैरकर जाने की योजना बनाई है। रियो के अभियान को उनके मित्र ऑस्ट्रिया निवासी मार्क्स ने शूट किया है।

पालिकाध्यक्ष ने किया स्वागत
सोमवार को ऋषिकेश में अभियान के समापन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मुनिकीरेती रोशन रतूड़ी ने रियो का स्वागत किया। कहा, साहसिक पर्यटन उत्तराखंड की पहचान है। रियो ने जिस तरह से इस अभियान को पूरा कर गंगा की निर्मलता और स्वास्थ्य का संदेश दिया वह सराहनीय है।