कोर कमेटी की बैठक के बाद बोले, मैं पुष्कर सिंह धामी खटीमा से ही लड़ूंगा चुनाव

उत्तराखंड भाजपा मुख्यालय में पार्टी के प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक हुई। बैठक में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशी चयन को दावेदारों के पैनल पर चर्चा की गई। मुख्‍यमंत्री पुष्‍कर सिंह धामी ने शनिवार को कोर ग्रुप की बैठक के बाद कहा कि वह खटीमा से चुनाव लड़ेंगे। उन्‍होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी जल्‍द ही प्रत्‍याशियों की सूची भी जारी करेगी। बैठक खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी ने बताया कि बैठक में चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई और बदली परिस्थितियों में चुनाव प्रचार किस तरह होगा, इसकी रणनीति तय की गई। इसके अलावा चुनाव से सम्बंधित अन्य विषयों पर भी विमर्श किया गया। उधर, सूत्रों ने बताया कि बैठक में विधानसभा सीटों के लिए तैयार पैनल पर भी विमर्श हुआ और सूची को शार्टलिस्ट किया गया।

रविवार को पार्टी नेतृत्व को सौंपी जाएगी दावेदारों के पैनल की सूची
बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि दावेदारों के पैनल की सूची रविवार को दिल्ली में पार्टी नेतृत्व को सौंपी जाएगी। वहां रविवार को पार्टी के केंद्रीय नेताओं के साथ बैठक भी है। उन्होंने यह भी कहा कि हम अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन के मद्देनजर सभी 70 सीटों के लिए पैनल को अंतिम रूप दे दिया गया। प्रदेश भाजपा मुख्यालय में समिति की बैठक करीब डेढ़ घंटे चली। अब यह पैनल दिल्ली में पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड को सौंपा जाएगा, जो टिकट का निर्धारण करेगा।
बैठक में केंद्रीय मंत्री और प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रहलाद जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत व विजय बहुगुणा, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र भंडारी व सुरेश भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज व धन सिंह रावत, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल आदि मौजूद हैं।