नया घाट रोड व्यापार मंडल वजूद में आया, अतुल अध्यक्ष और महामंत्री बने हर्षित

घाट रोड़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष पर इकतरफा निर्णयों और अपने तमाम सदस्यों की घोर उपेक्षा के आरोप में आज एक नये घाट रोड़ व्यापार मंडल का गठन हो गया। सैकड़ों सदस्यों की मौजूदगी में अतुल शर्मा को अध्यक्ष व हर्षित गुप्ता को महामंत्री चुन लिया गया। इस दौरान नव मनोनीत पदाधिकारियों ने मोजूद उपस्थिति की एक स्वर में सहमति के साथ नगर उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के चुनाव में अध्यक्ष पद पर संजय व्यास और महामंत्री पद पर प्रतीक कालिया को समर्थन देने की घोषणा कर दी है।

शहर के व्यापारिक चुनाव में शतरंज की बाजी की तरह शह और मात का खेल लगातार जारी है। सोमवार की दोपहर नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के होने वाले चुनाव में घाट रोड व्यापार सभा के संरक्षक मंडल द्वारा बुलाई गई। बैठक में अध्यक्ष पवन शर्मा की मोजूदगी में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ललित मोहन मिश्र और महामंत्री पद के प्रत्याशी प्रदीप गुप्ता को अपना खुला समर्थन देने का दावा किया था। चंद ही घंटों में तस्वीर कुछ इस कदर तेजी से बदली की सांझ ढलते ढलते घाट रोड़ व्यापार मंडल के 2 फाड़ हो गए। त्रिवेणी घाट मार्ग स्थित बड़ा बाजार में बड़ी संख्या में क्षेत्र के व्यापारियों की मौजूदगी में सर्वसम्मति से अध्यक्ष पद पर अतुल शर्मा व महामंत्री पद पर हर्षित गुप्ता को चुन लिया गया।

व्यापार मंडल में मुख्य संरक्षक की जिम्मेवारी पूर्व राज्य मंत्री संदीप गुप्ता व संरक्षक मंडल की जिम्मेवारी केवल कृष्ण लांबा, राम कुमार कश्यप और देवदत्त शर्मा को सौंपी गई है। मौके पर मौजूद नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संजय व्यास व महामंत्री पद के प्रत्याशी प्रतीक कालिया ने समर्थन के लिए व्यापार मंडल का आभार जताया। साथ ही, उन्होंने जानकारी दी कि कुंभ मेले के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा घाट चैक पर लगाई गई बैरिकेडिंग में शाम 5 बजे से 7 बजे तक की छूट शहर कोतवाल से वार्ता कर ली गई है। इस दौरान राजीव खुराना, हितेंद्र पंवार, धीरज मखीजा, संजय पवार आदि व्यापारी मौजूद रहे।