नरेश बंसल ने संभाली प्रदेश भाजपा की कमान

भाजपा के प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल ने प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण कर लिया है। कार्यकर्ताओं ने उनकी ताजपोशी के समय जमकर आतिशबाजी की और गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार से सांसद डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, राज्य मंत्री धन सिंह रावत व प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामना दी।
बताते चलें कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े नरेश बंसल पूर्व में कई अहम जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वह कैबिनेट दर्जा प्राप्त बीस सूत्री कार्यक्रम एवं क्रिया वन समिति के उपाध्यक्ष हैं। इससे पूर्व 7 साल तक वह संगठन महामंत्री के तौर पर कार्य करते रहे। इससे पूर्व आवास विकास परिषद के अध्यक्ष और वर्तमान में भाजपा के महामंत्री भी रहे हैं।
वही पत्रकारों से बातचीत करते हुए नरेश बंसल ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है और वह केंद्रीय नेतृत्व और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।उन्होंने लोकसभा की पांचों सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को किसी भी प्रकार से चुनौती दिखाई नहीं दे रही है लेकिन भाजपा नेतृत्व कार्यकर्ताओं का यह स्वभव है कि वह लगातार कठिन परिश्रम करता है इसीलिए समस्त कार्यकर्ता जीत का लक्ष्य बनाकर पूरी ताकत के साथ चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। उन्होंने बताया कि 31 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मैं भी चौकीदार हूं अभियान के तहत 16 स्थानों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। यह संवाद कार्यक्रम प्रदेश की पांचों लोकसभा सीटों पर होगा।
हमारे संवाददाता ने उनसे बात की। नरेश बंसल ने कहा कि कोई भी परीक्षा कठिन होती है लेकिन भाजपा कार्यकर्ता साल भर पढ़ाई करने वाले छात्र हैं उनके लिए कठिनाई भी अवसर में बदल जाती हैं। उन्होंने चुनाव में 2014 से अधिक वोट हासिल करते हुए पांचों सीटें जिताने का संकल्प दोहराया। बताते चलें कि नैनीताल लोकसभा सीट पर प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को प्रत्याशी बनाए जाने के बाद लोकसभा चुनाव में प्रदेश अध्यक्ष पद खाली होने के कारण अनुभवी और संगठन को मजबूत कर रहे नरेश बंसल को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।अब पांचो सीटों पर चुनाव अभियान को कुशलता पूर्वक संचालित करने का दायित्व नरेश बंसल के कंधों पर है।