सीएम की अनुपस्थिति में कांग्रेस का मुख्यमंत्री आवास घेराव, चोटिल प्रदेश अध्यक्ष

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली दौरे पर थे। ऐसे में देहरादून में सीएम की अनुपस्थिति में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री आवास घेराव की कोशिश की। पुलिस ने सभी को हाथीबडकला के पास बेरिकेटिंग लगाकर रोक दिया। साथ ही हंगामा कर रहे कांग्रेसियों को गिरफ्तार भी किया।

भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, लचर कानून व्यवस्था व महिलाओं के उत्पीडन के मामले में विधायकों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री आवास का घेराव की कोशिश की। जिसमें हजारों की संख्या में कांग्रेस जन व आम जन शामिल हुऐ। प्रदर्शनकारियों को पुलिस के द्वारा हाथीबडकला के पास बैरिकैटिंग लगा कर रोका गया। वहाँ से गिरफ्तार कर पुलिस लाइन लाया गया। प्रदर्शन करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह चोटिल भी हो गये।

प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि आज इस जन सैलाब को देखकर प्रदेश की भाजपा सरकार को अहसास हो गया होगा कि प्रदेश में उनके द्वारा की गई प्रदेश की दुर्दशा के लिये अब जनता माफ नहीं करेगी। 2022 के चुनाव में प्रदेश से व 2024 के चुनाव में देश की सत्ता से उखाड़ फेंकने का काम करेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि ये चार साल में तीन मुख्यमंत्रियों को बदलने वाली सरकार ने प्रदेश में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। कुम्भ में आरटीपीसीआर घोटाले की जाँच में लीपापोती करने का काम किया। उनके विधायक महिलाओं के साथ उत्पीडन करते हैं परन्तु ये उनको बचाने का काम करते हैं, तो इससे साबित होता है ये सरकार सिर्फ और सिर्फ सत्ता हासिल करने के लिये झूठे वादे झूठे जुमले कहने के साथ साथ झूठा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने का काम करते हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेन्द्र रमोला ने कहा कि आज के प्रदर्शन में उमड़ी भीड़ से ये आगाज हो गया कि प्रदेश से जल्द ही भाजपा की विदाई हो जायेगी और उनके द्वारा किये गये घोटालों और महिलाओं के साथ अत्याचारों को जनता माफ नहीं करेगी, इन्होंने प्रदेश को प्रयोगशाला बना डाला है। प्रदेश की जनता 2022 का इंतजार कर रही है और भाजपा को सबक सिखाने की तैयारी कर रही है।