कुमाऊं में गुलदारः अल्मोड़ा में ली जान, रामनगर व हल्द्वानी में दो पर जानलेवा हमला

उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में गुलदार के आतंक से इन दिनों लोग भयभीत है। दो दिन के अंदर यहां एक बच्ची की हमले से मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए है। अल्मोड़ा के भिकियासैंण नगर पंचायत के गांधी नगर वार्ड स्थित बाड़ीकोट कस्बे से गुलदार सात वर्षीय बच्ची दिव्या को उठा ले गया था। वह तीन अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने हमला कर दिया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बच्ची का शव घटनास्थल से लगभग 15 फीट की दूरी पर झाड़ियों के बीच बरामद हुआ था।

वहीं, दूसरी ओर, नैनीताल जिले के रामनगर में ग्राम ढिकुली निवासी 40 वर्षीय भास्कर छिम्वाल पुत्र गणेश छिमवाल रोज की तरह रविवार की सुबह मॉर्निंग वॉक कर वापस अपने घर जा रहे थे। तभी पास में सिंचाई गूल के किनारे झडियों से घात लगाए बैठे तेंदुए ने भास्कर पर हमला बोल दिया। भास्कर के हल्ला मचाने पर आस पास के लोगों ने शोर मचाकर और पत्थर फेंककर किसी तरह उन्हें तेंदुए के चंगुल से छुड़ाया। उसे रामनगर चिकित्सालय लाया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है।

तीसरी घटना, नैनीताल जिले के हल्द्वानी की है। फतेहपुर क्षेत्र के बसानी के पास बेल गांव निवासी 38 वर्षीय ममता मटेला सुबह सवा आठ बजे आबादी से कुछ दूरी पर घास काट रही थी। पास के खेत में 10-12 लोग काम भी कर रहे थे। इस बीच घात लगाकर बैठे गुलदार ने ममता पर हमला कर दिया। चीखने पर अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद गुलदार पर पत्थर फेंके गए। तब जाकर उसने ममता को छोड़ा और जंगल को भाग निकला।