सीएम ने विभिन्न विस क्षेत्रों की समीक्षा की, विभागीय अधिकारियों को दिये निर्देश

विभिन्न जिलों की विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री द्वारा की गयी घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से की। मुख्यमंत्री ने जनपद पौड़ी गढ़वाल, जनपद चमोली के थराली एवं जनपद रूद्रप्रयाग की विधानसभा क्षेत्रों की समीक्षा की।

थराली की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने निर्देश दिए कि शेड निर्माण कार्य के दौरान वर्षा जल का एकत्रीकरण व जल सरंक्षण का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने बताया कि देहरादून से देवाल तक बस सेवा आरम्भ कर दी गई है। लाटू मन्दिर के सौन्दर्यीकरण हेतु प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। देवाल के सवाड में सैनिक स्मृति केन्द्र की स्थापना का प्रस्ताव एक सप्ताह में शासन को प्रेषित कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली से भारी बरसात में बद्रीनाथ यात्रा मार्ग व यात्रियों की सुविधाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी भी ली।

रूद्रप्रयाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि रूद्रप्रयाग के विकासखण्ड जखोली घंघासू बांगर क्षेत्र में जड़ी बूटी उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु पौध वितरण का कार्य जल्द शुरू करवाया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय टैठी में भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

कोटद्वार की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए। रोडवेज डिपो कोटद्वार व जीएमयू के बस डिपों को एक ही स्थान पर संचालित करने की संभावनाओं पर विचार किया जाय। उन्होंने कहा कि राज्य में कही भी आपदा पीड़ितो को मुवाअजा तत्काल वितरित किया जाए। इस सम्बन्ध में जरा सी भी लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। राज्य सरकार हर स्थिति में सदैव अपने नागरिकों के साथ है। बैठक में जानकारी दी गई कि कण्वाश्रम को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने हेतु अभी तक शासन द्वारा लगभग 45 लाख रूपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम को राजकीय मेला घोषित कर दिया गया है।

श्रीनगर क्षेत्र में कुल 19 में से 13 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी है। क्षेत्र के मोटर मार्गो के निर्माण कार्य गतिमान है। खिर्सू में सहकारिता बैंक की स्थापना हेतु अनुमोदन प्राप्त हो गया है। खिर्सू को पर्यटन नगर के रूप में विकसित करने की कार्यवाही गतिमान है।

यमकेश्वर में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि नीलकंठ में कावंड़ मेले के कुशल प्रबन्धन व आयोजन हेतु धनराशि आवंटित की जाए। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि यमकेश्वर में जलेडी ग्राम सभा पंचायत पेयजल योजना की डीपीआर तैयार हो गई है। यमकेश्वर के विभिन्न गांवों में एलटी केबिल बदलने व फेज में वृद्धि का काम पूरा हो चुका हैं। थलनदी गेंद मेले को राजकीय मेला घोषित कर दिया गया हैं। चीला पशुलोक मोटर मार्ग पर गंगाभोगपुर के पास बीन नदी के 200 मीटर स्पान के पुल के निर्माण हेतु डीपीआर पर कार्यवाही गतिमान है। यमकेश्वर में एक अतिरिक्त 108 एम्बुलेंस सेवा अगस्त माह के अन्त तक संचालित कर दी जाएगी।

पौड़ी विधानसभा क्षेत्र की कुल 22 घोषणाओं में से 11 पूर्ण हो चुकी है तथा सात घोषणाओं पर कार्यवाही गतिमान है। पौड़ी बस अडडे का निर्माण मार्च 2019 तक पूरा हो जाएगा। जिला चिकित्सालय पौड़ी में डिजिटल एक्स-रे मशीन एक सप्ताह में लगा दी जाएगी। कण्डौलिया के सौन्दर्यीकरण की कार्यवाही गतिमान है। पौड़ी मुख्यालय में कौशल विकास केन्द्र खोलने का कार्य प्रगति पर है। रामलीला मैदान में सोलन लाइटस द्वारा प्रकाश व्यवस्था व लाइंटिग की व्यवस्था की जाएगी।