भाजपा का पलटवार, कहा-कांग्रेस कब तक करेगी सैनिकों का अपमान

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और मीडिया प्रमुख रणदीप सुरजेवाला ने देहरादून में प्रेसर्वाता कर केंद्र और राज्य सरकार पर सेना की अनदेखी और अपमान करने का आरोप लगाया। वहीं कांग्रेस नेता के आरोपों पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा सैनिकों का अपमान करती आई है। केन्द्र में जब कांग्रेस की सरकार थी तो इन्होंने अत्याधुनिक हथियारों व साजो-सामान की जरूरत को हमेशा हाशिये पर रखा। कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी न सौनिको का सम्मान किया न ही उनके हितों के लिए आवश्यक कदम उठाये।
सुरेश जोशी ने कहा जो सैनिक देश की सेवा के लिए जाते हैं, देश की रक्षा के लिए कुछ भी कर गुजरते है, रेगिस्तान में 50 डिग्री तापमान में जो जलते सूरज को झेलते हैं, महीनों तक समुद्र में तिरंगा लेकर दुश्मन को भटकने तक नहीं देते, उनका कांग्रेस ने कभी सम्मान नही किया। कांग्रेसी देश के वीर सपूतों की तपस्या को कभी समझ नहीं सकते हैं। कांग्रेस की यही सोच है जिसकी वजह से हमारे वीरों को सीमा पर जरूरी सुविधाएं नहीं दी जाती थीं, यही सोच है जिसकी वजह से बुलेट-प्रूफ जैकेट तक देने में इन लोगों ने आनाकानी की। ये लोग, भारत तेरे टुकड़े होंगे के नारे लगाने वालों के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि 1997 से पूर्व जब सीमा पर हमारे वीर जवान शहीद होते थे तो कांग्रेस सरकार काला बक्सा, काला कम्बल और पांच पैसे का पोस्ट कार्ड भेजकर सैनिक परिवारों को सूचित कर देती थी कि आपका बेटा शहीद हो गया है। जबकि भाजपा की अटल सरकार ने न केवल पहली बार देश के शहीद सैनिको के पार्थिव शरीर को ससम्मान उनकी मातृभूमि तक पहुंचाने का कार्य किया। साथ ही प्रभावित परिवारों की चिंता करते हुए समुचित आर्थिक व अन्य मदद की गौरवशाली परंपरा शुरू की।