एबीवीपी प्रत्याशियों के विजय जुलूस को पुलिस ने रोका तो भड़के छात्र

डोईवाला।
डोईवाला डिग्री कॉलेज के बाहर छात्रसंघ चुनाव के बाद विजय जुलूस को लेकर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने दून हाईवे पर एबीवीपी का जुलूस रोका तो छात्र भड़क गए। बड़ी संख्या में भाजपा नेता भी समर्थन में उतर आए। नाराज कार्यकर्ताओं ने हाईवे पर जाम लगा दिया। मौके पर कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों के बीच खूब धक्का-मुक्की हुई। संपर्क मार्गों से जुलूस निकालने की अनुमति मिलने के बाद कार्यकर्ताओं ने जाम खोला।
गुरुवार शाम को एबीवीपी के विजयी प्रत्याशियों ने नगर में जुलूस निकालना चाहा, लेकिन पुलिस-प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसपर एबीवीपी कार्यकर्ता भड़क गए। उन्होंने कॉलेज के बाहर देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर जाम लगा दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसी बीच स्थानीय भाजपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। भाजपा नेता भी विजयी प्रत्याशियों को जुलूस निकालने देने की मांग करने लगे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि मुख्य बाजार में नहीं निकालने दिया जाएगा। कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह रावत ने बताया कि छात्रों से भानियावाला तिराहे तक और रानीपोखरी मार्ग पर जुलूस निकालने की बात कही गई। इसपर छात्र नेता मान गए। संपर्क मार्गों पर जुलूस की अनुमित मिलने पर कार्यकर्ताओं ने जाम खोल दिया। हालांकि इस दौरान देहरादून हाईवे पर दो किमी लंबा जाम लग गया। पुलिस को जाम खुलवाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
106a
आर्यन और एनएसयूआई कार्यकर्ता भिड़े
छात्रसंघ चुनाव का परिणाम आने के बाद आर्यन ग्रुप और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। सूत्रों के अनुसार आर्यन ग्रुप और एनएसयूआई ने चुनाव में आपसी गठबंधन कर रखा था। चुनाव परिणाम आने के बाद सचिव पद पर आर्यन का प्रत्याशी तो जीत गया, लेकिन एनएसयूआई के उपाध्यक्ष पद को छोड़कर सारे प्रत्याशी हार गए। इसको लेकर छात्र नेता आपस में उलझते नजर आए। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को अलग-अलग किया और मामला बढ़ने से रोका।