Daily Archives: March 29, 2021

सल्ट उप चुनावः भाजपा ने महेश जीना तो कांग्रेस ने उतारा महिला प्रत्याशी गंगा पंचोली

कुमाऊं मंडल की सल्ट विधानसभा के विधायक सुरेंद्र सिंह जीना का पिछले वर्ष नवंबर में अचानक निधन हो गया था। इसके बाद से ही यह सीट रिक्त चल रही थी। चुनाव आयोग ने सल्ट विधानसभा के उपचुनाव की तिथि 17 अप्रैल को निश्चित की है। अब राज्य के दोनों बड़े राजनीतिक दलों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की घोषणा की है। भाजपा ने उपचुनाव में इस सीट पर दिवंगत विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के भाई महेश जीना को प्रत्याशी बनाया है, पार्टी ने महेश जीना के नाम की घोषणा कर एक तरह से मतदाताओं से सहानुभूति बटोरने का काम किया है।

तो वहीं, कांग्रेस ने इस सीट पर 2017 में कांग्रेस की प्रत्याशी रही महिला उम्मीदवार गंगा पंचोली पर ही पुनः दांव खेला है। कांग्रेस का गंगा पंचोली पर दांव खेलने के पीछे का एक कारण यह भी हो सकता है कि पिछले विस चुनाव में गंगा पंचोली ने बीजेपी को कड़ी टक्कर दी थी। उस दौरान वह मात्र 2600 मतों के अंतर से पराजित हुईं थी।

तीरथ सिंह रावत की हो सकती है परीक्षा
2022 के चुनाव से पूर्व राज्य में 17 अप्रैल को होने जा रहा उप चुनाव एक तरह से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की परीक्षा भी साबित होगा। भाजपा के चार साल के कार्यकाल से लेकर मुख्यमंत्री बदलने तक के सफर तक का जनता इस चुनाव के जरिए अपने मतों का उपयोग करेगी।