राफेल मुद्दे को लेकर भाजपाईयों ने कांग्रेस भवन में काटा हंगामा, हुई नोकझोंक

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राफेल मुद्दे को लेकर राहुल गांधी के बयान के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस भवन में तोड़फोड़ की। कार्यकर्ताओं ने कई नेताओं के पोस्टर फाड़ डाले। इस दौरान भाजपाई और कांग्रेसियों में धक्का मुक्की देखने को मिली। जिस दौरान यह हंगामा हुआ उस समय कांग्रेस भवन में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा मौजूद रहीं। इस दौरान एक भाजपा कार्यकर्ता ने तो हद ही कर दी। कानून के रखवाले पुलिसकर्मी को भाजपा कार्यकर्ता ने एक थप्पड़ तक जड़ दिया।

महिला पुलिसकर्मी ने भाजपाइयों के खिलाफ धारा चौकी में तहरीर दी है। जबकि, कांग्रेस की ओर से भाजपा महानगर अध्यक्ष विनय गोयल और विधायक विनोद चमोली के खिलाफ डीजीपी को शिकायती पत्र सौंपा है। उधर, एडीजी अशोक कुमार ने मामले की जांच डीआइजी अजय रौतेला को सौंपी है। साथ ही तीन दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है।

केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर महानगर भाजपा का बुधवार को कांग्रेस भवन कूच व राहुल गांधी का पुतला फूंकने का कार्यक्रम था। दोपहर करीब एक बजे प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अगुवाई में भाजपाई नारे लगाते हुए राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन की ओर निकले। पुलिस ने पहले कनक चौक पर बेरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन भाजपाई बेरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। इसके बाद पुलिस ने एस्लेहॉल चौक से पहले उन्हें रोका। यहां भाजपाइयों ने राहुल गांधी का पुतला फूंका।

इस बीच कुछ भाजपाई बेरिकेडिंग लांघकर कांग्रेस भवन की ओर दौड़ पड़े। पुलिस कर्मी भी उनके पीछे दौड़े तो मौका पाकर अन्य भाजपाई भी कांग्रेस भवन के गेट पर जा पहुंचे। कांग्रेस भवन में मौजूद कांग्रेसियों का इससे पारा चढ़ गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा समेत अन्य कांग्रेसी भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गेट पर आ गए। यहां दोनों दलों के लोगों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। स्थिति मारपीट तक पहुंच गई।

पुलिस ने भाजपाईयों को वापस धकेलने की कोशिश की, मगर भाजपाई कांग्रेस भवन की ओर बढ़ते गए। इस दौरान हुई धक्का-मुक्की में धर्मपुर विनोद चमोली सड़क पर गिर गए। भाजपा महानगर महामंत्री राजेंद्र सिंह ढिल्लो को महिला पुलिस कर्मियों ने थप्पड़ जड़ दिए। राजेंद्र सिंह के हाथ में चोट लग गई। एक भाजपा महिला नेता मंजुला निगम भगदड़ के दौरान बेहोश गईं। जबकि भाजपा कार्यकर्ता जयपाल वाल्मीकि को चोट लग गई। भाजपा के तीनों नेताओं को दून अस्पताल ले जाया गया।